Menu
emblem

परिचय

पर्यावरणीय जलविज्ञान प्रभाग

सतत जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन हेतु पर्यावरणीय जलविज्ञान के क्षेत्र में मौलिक, प्रायोगिक एवं रणनीतिक अनुसंधान में कार्य करना, सहयोग करना, बढ़ावा देना और समन्वय करना पर्यावरणीय जलविज्ञान प्रभाग का लक्ष्य है। प्रभाग द्वारा मुख्य रूप से प्राकृतिक प्रदूषण, बिंदु तथा गैर बिंदु स्रोत प्रदूषण, अधिशोषण गतिकी (एडसोर्प्शन काइनेटिक्स) तथा जल-तलछट तंत्र (वाटर-सेडीमेंट सिस्टम), प्रदूषकों का स्थानांतरण तथा अवसादन, प्रदूषक अपवाहन प्रतिरूपण (कंटामिनेंट ट्रांसपोर्ट मॉडलिंग), धातु प्रजातीकरण / अंशाकन (मेटल स्पेसिएशन / फ्रैक्शनेशन), भूजल गुणवत्ता एवं जलभृत (एक्वीफर) संदूषण, अल्प लागत के जल उपचार से सम्बंधित विषयों पर पर्यावरणीय निगरानी एवं प्रतिरूपण के द्वारा शोध कार्य किया जा रहा है।

अनुसन्धान गतिविधियाँ अक्सर विशिष्ट स्थानों पर विशिष्ट समस्याओं से लेकर जल की उपलब्धता, गति एवं गुणवत्ता को प्रभावित करने वाली मौलिक प्रक्रियाओं को समझने और ज्ञान बढ़ाने पर केंद्रित रहती हैं। इसके अंतर्गत हानिकारक पदार्थों के स्थानांतरण तथा प्रभाव का अध्ययन, जल गुणवत्ता को प्रभावित करने वाली रासायनिक, जैविक और सूक्ष्म जैविक प्रक्रियांओं का अध्ययन, झीलों और  धाराओं की जटिल जलवैज्ञानिक प्रक्रियाओं पर अनुसन्धान शामिल है। प्रभाग द्वारा किये जा रहे सभी शोध कार्यों का वृहत लक्ष्य प्राकृतिक प्रक्रियाओं एवं मानवजनित गातिविधियों के द्वारा जल की गुणवत्ता एवं मात्रा पर पड़ने वाले प्रभाव को समझना है।

उपरोक्त के अलावा, रसद्रव्य - मिट्टी - भूजल की परस्पर क्रियांओं की जटिलता को ध्यान में रखते हुए, पेयजल, खतरनाक अपशिष्ट, कीटनाशकों और अन्य कृषि रसायनों के प्रभाव तथा उथले कुओं में सूक्ष्म जैविक प्रदूषण से सम्बंधित शोध कार्यो को बहुआयामी दृष्टिकोण के माध्यम से सम्पादित किया जा रहा है।

अनुसन्धान एवं विकास कार्य

यह प्रभाग, संसथान द्वारा वित्त पोषित आंतरिक शोध अध्ययन के अलावा जल गुणवत्ता और पर्यावरण के क्षेत्र में प्रायोजित / परामर्श परियोजनाएं सम्पादित करता है। तकनीकी हस्तांतरण गतिविधियों के अंतर्गत, जल गुणवत्ता, पर्यावरण प्रबंधन एवं उन्नत उपकरण तकनीक के क्षेत्र में प्रभाग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित करता रहता है। प्रभाग सतही और भूजल की गुणवत्ता की अनुश्रवण, मूल्यांकन और प्रतिरूपण से सम्बंधित अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओ पर भी कार्य करता है।